गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। चाचौड़ा थाना क्षेत्र के बीनागंज चौकी इलाके में नेशनल हाईवे-46 पर तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद कंटेनर में आग भड़क उठी, जिससे ड्राइवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन पुलिया में गिरते ही आग की लपटों से घिर गया। हालात इतने गंभीर थे कि ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया और वह वाहन के अंदर ही फंस गया। आग में झुलसने से उसकी मौत हो गई।
वहीं, कंटेनर में मौजूद क्लीनर मनीष बघेल, निवासी शिवपुरी, गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गुना जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों और कंटेनर की रफ्तार से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
