श्योपुर में दर्दनाक हादसा: बेकाबू डंपर ने गायों को कुचला, 4 की मौत; चालक गिरफ्तार

Follow Us

श्योपुर। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। आवदा थाना क्षेत्र के सूरजपुर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे बैठी गायों को रौंद दिया। हादसे में चार गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, डंपर बड़ौदा से आवदा की ओर जा रहा था। सूरजपुर गांव के पास तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे मौजूद गायों से जा टकराया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई गायों ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल गायों को बचाने का प्रयास किया और भागने की कोशिश कर रहे डंपर चालक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर चालक को उनके हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं घायल गायों के इलाज के लिए स्थानीय स्तर पर व्यवस्था की गई है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और दुख का माहौल है।