मैड्रिड। स्पेन की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की पत्नी बेगोना गोमेज के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में अदालत ने ट्रायल चलाने की अनुमति दे दी। कोर्ट के इस फैसले के बाद विपक्ष ने सरकार पर हमला तेज कर दिया है और प्रधानमंत्री से जवाब मांगा जा रहा है। अदालत के आदेश के अनुसार, बेगोना गोमेज को मुकदमे की प्रक्रिया पूरी होने तक अपना पासपोर्ट जमा करना होगा और महीने में दो बार अदालत में उपस्थित होना पड़ेगा। साथ ही उन्हें देश छोड़ने पर भी रोक लगा दी गई है। न्यायालय ने सीमा चौकियों और हवाई अड्डों को भी आवश्यक निर्देश जारी करने की बात कही है, ताकि यात्रा प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
जांच एजेंसियां गोमेज पर प्रभाव का कथित दुरुपयोग, कारोबारी अनियमितताओं और सार्वजनिक संसाधनों के गलत इस्तेमाल से जुड़े आरोपों की जांच कर रही हैं। हालांकि उन्होंने सभी आरोपों को खारिज किया है और खुद को निर्दोष बताया है। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने भी अपनी पत्नी का बचाव करते हुए पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया है। वहीं विपक्षी दलों का कहना है कि यह मामला सरकार की साख पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अदालती कार्रवाई के बीच स्पेन की राजनीति में तनाव बढ़ गया है और आने वाले दिनों में यह मामला देश की राजनीतिक दिशा को प्रभावित कर सकता है।

