धमाके के साथ धंसी 100 मीटर सड़क, जमीन में समाया रास्ता; धनबाद के 30 गांवों का संपर्क टूटा

Follow Us

धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में प्रकृति का भयावह रूप देखने को मिला, जब निरसा क्षेत्र के ईसीएल मुगमा इलाके में अचानक तेज धमाके के बाद करीब 100 मीटर लंबी सड़क जमीन में धंस गई। सड़क करीब 10 से 12 फीट नीचे चली गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। यह घटना चापापुर ओसीपी के पास हुई। राहत की बात यह रही कि, हादसे के वक्त सड़क पर कोई बड़ा वाहन या व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। हालांकि सड़क धंसने से आसपास के करीब 30 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय और प्रखंड मुख्यालय से प्रभावित हो गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि, क्षेत्र में अवैध खनन और भारी ब्लास्टिंग के कारण जमीन कमजोर हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सड़क धंसने के लिए ओसीपी संचालन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द मरम्मत और वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि, मुगमा क्षेत्र में पहले भी जमीन धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा को लेकर स्थायी समाधान नहीं किया गया। वहीं, झामुमो नेताओं ने प्रभावित गांवों के पुनर्वास और सुरक्षा उपायों को लेकर प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं।