साय सरकार की नई पहल ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ से ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार, 23 जिलों में शुरू होगा व्यापक अभियान

Follow Us

रायपुर। बस्तर में ‘नियद नेल्लानार’ अभियान के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने के बाद अब साय सरकार राज्य के अन्य जिलों में भी इसी मॉडल को लागू करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान की शुरुआत की जा रही है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को मजबूत करना है। सरकार का कहना है कि बस्तर में ‘नियद नेल्लानार’ योजना ने शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु तैयार किया है। इसी सफलता के आधार पर इसे पहले 10 जिलों तक ‘नियद नेल्लानार 2.0’ के रूप में विस्तारित किया गया था। अब इसी मॉडल को प्रदेश के शेष 23 जिलों में ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान के तहत लागू किया जाएगा। यह अभियान रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के कुल 23 जिलों में संचालित होगा, जहां ग्रामीण परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसमें सामाजिक सुरक्षा, आवास, रोजगार, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कृषि, कौशल विकास और बुनियादी नागरिक सेवाओं से जुड़ी 31 प्रमुख योजनाएं शामिल होंगी।

इन योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वृद्धावस्था एवं अन्य पेंशन योजनाएं, महतारी वंदन योजना, जन-धन योजना, कौशल विकास कार्यक्रम, श्रम कार्ड और वनाधिकार पट्टा जैसी योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। अभियान को तीन चरणों में लागू किया जाएगा—पहले चरण में ग्राम स्तर पर सर्वेक्षण और डेटा मैपिंग, दूसरे चरण में विशेष शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना, और तीसरे चरण में निगरानी एवं मूल्यांकन कर सुधारात्मक कदम उठाना शामिल है। सरकार का दावा है कि इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, जल आपूर्ति, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी, प्रशासनिक विकेंद्रीकरण और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से गांवों की स्थिति में उल्लेखनीय बदलाव आएगा।