रायपुर। राजधानी रायपुर में न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने विशेष आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए 4 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का मार्गदर्शन पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता और स्मृतिक राजनाला ने किया। वहीं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल तथा सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
अभियान में थाना सिविल लाइन, देवेंद्र नगर थाना, एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, अन्य थाना बल और रक्षित केंद्र के करीब 70 पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम ने न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच एवं निगरानी की। चेकिंग के दौरान आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया। जांच में 4 व्यक्ति संदिग्ध पाए गए, जिनके खिलाफ थाना सिविल लाइन में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक चेकिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
