बलौदाबाजार। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 10 हाइवा वाहनों को जब्त किया। एसडीएम सिमगा अतुल शेट्टे ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे सिमगा स्थित जायसवाल फैमिली ढाबा के पास विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई हाइवा वाहनों में रेत परिवहन करते हुए पाया गया। टीम द्वारा वाहनों के चालकों से परिवहन पास और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया।
जांच में केवल एक वाहन चालक द्वारा वैध परिवहन पास प्रस्तुत किया गया, जबकि शेष 10 वाहनों के चालक कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक वाहनों की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गए। संयुक्त टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर वाहनों को जब्त कर लिया है। प्रशासन द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
