आरएसएस कार्यालय पर हमले का मास्टरमाइंड सैफ एनकाउंटर में घायल, जांच में सामने आया आईएसआई कनेक्शन का दावा

Follow Us

रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्य आरोपी सैफ पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश के दौरान पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है और फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, 16 जून की रात रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर दो पेट्रोल बम फेंके गए थे। हालांकि हमले में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

गुरुवार देर रात पूछताछ के दौरान आरोपी सैफ ने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर पुलिस को चकमा दिया और फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। माण्डर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला करने और हथियार छीनने की कोशिश की। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में यह भी दावा किया जा रहा है कि, आरोपियों के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े लोगों तक पहुंचते हैं। एजेंसियों के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए युवकों को कथित रूप से कट्टरपंथी नेटवर्क से जोड़ा गया था। साथ ही हमले से पहले RSS कार्यालय की रेकी किए जाने और विदेश में सक्रिय कुछ संदिग्ध मॉड्यूल से संपर्क होने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और उसके संभावित कनेक्शनों की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।