बालोद। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत बालोद जिले की मोनिका बघेल को 23 वर्ष की आयु पूरी होने पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी गई है। भारत सरकार की ओर से यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी गई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने मोनिका को डेमो चेक सौंपा। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी और जिला बाल संरक्षण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं मोनिका के संरक्षक उपस्थित रहे।
पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना की शुरुआत 29 मई 2021 को कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता, कानूनी अभिभावक या दत्तक माता-पिता को खोने वाले बच्चों की सहायता के लिए की गई थी। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र बच्चे के नाम पर 10 लाख रुपये का कॉर्पस फंड बनाया जाता है। 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद 23 वर्ष तक मासिक आर्थिक सहायता दी जाती है और 23 वर्ष पूरे होने पर पूरी 10 लाख रुपये की राशि एकमुश्त प्रदान की जाती है।
योजना में बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है। पात्र बच्चों को आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य बीमा सुविधा मिलती है। इसके अलावा स्कूली शिक्षा के लिए विद्यालय में प्रवेश और उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य कोविड प्रभावित बच्चों को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ उनकी शिक्षा, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने में मदद करना है।
