राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन पर सियासी शिष्टाचार की मिसाल, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं; जानिए क्या लिखा संदेश में

Follow Us

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्हें देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। राजनीतिक मतभेदों से परे जाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करता हूं।” पीएम मोदी के इस संदेश को राजनीतिक सौहार्द और लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रतीक माना जा रहा है।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण की सराहना की। खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा संविधान के मूल्यों, आम जनता की आवाज और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने राहुल के स्वस्थ, सुखद और दीर्घ जीवन की कामना भी की। गौरतलब है कि, राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के पुत्र हैं। वर्तमान में राहुल गांधी कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं और राष्ट्रीय राजनीति में अहम भूमिका निभा रहे हैं।