रात 2 बजे तक चला मंथन, सीएम साय के आवास पर हाई लेवल बैठक से तेज हुई सियासी चर्चाएं; रामविचार नेताम बोले- सब सेफ है

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सरकारी आवास पर गुरुवार देर रात हुई हाई लेवल बैठक ने प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी। करीब पांच घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में कैबिनेट के सभी मंत्री और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक देर रात करीब दो बजे समाप्त हुई, जिसके बाद मंत्रियों और नेताओं का बाहर निकलना चर्चा का विषय बन गया।

बैठक को लेकर मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज थीं, लेकिन सरकार के वरिष्ठ नेताओं ने इन दावों को खारिज कर दिया। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, सत्ता और संगठन के बीच इस तरह की समीक्षा बैठकें नियमित रूप से होती हैं। इसमें आगामी कार्यक्रमों, क्षेत्रीय दौरों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि, बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल से जुड़े कार्यक्रमों और आगामी चुनावी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। वहीं, मंत्री रामविचार नेताम ने मुस्कुराते हुए कहा, “सब सुरक्षित है, छत्तीसगढ़ सुरक्षित है”, जिससे राजनीतिक चर्चाओं को नया रंग मिल गया। मंत्री केदार कश्यप ने भी बताया कि, बैठक में जनप्रतिनिधियों के कामकाज और प्रभार क्षेत्रों के दौरे की समीक्षा की गई।