रायपुर। कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के 21 जून को रायपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में राहुल गांधी के शामिल होने को लेकर प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी का स्वागत “दारू से पैर धोकर” करें। मीडिया से बातचीत में केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं को खुश करने के लिए तरह-तरह के नवाचार करती है। उन्होंने कहा कि पिछली बार प्रियंका गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनके स्वागत में गुलाब की पंखुड़ियों की सड़क बनाई थी। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने पांच साल के शासनकाल में भ्रष्टाचार और कथित शराब घोटाले में डूबी रही, इसलिए राहुल गांधी के स्वागत में उनका चरण शराब से धोना कांग्रेस के लिए उपयुक्त होगा।
वहीं, कोरिया जिले में भाजपा नेता लल्ला सिंह की हत्या के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए केदार कश्यप ने कहा कि सरकार अवैध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व में जिन क्षेत्रों में ठेके दिए गए थे, वहां अवैध उत्खनन और अनियमितताएं देखने को मिलती थीं, लेकिन वर्तमान में ऐसी स्थिति नहीं है। मंत्री ने कहा कि किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई की जाती है और दोषियों को संरक्षण नहीं दिया जाता।
