कबाड़ माफिया पर पुलिस का शिकंजा, 83 क्विंटल अवैध कबाड़ जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

बिलासपुर। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 83 क्विंटल 15 किलोग्राम अवैध कबाड़ जब्त किया है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत 14.25 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बिल्हा थाना क्षेत्र के आमापारा में स्थित एक कबाड़ गोदाम में चोरी का कबाड़ बड़ी मात्रा में जमा कर वाहनों में लोड किया जा रहा है। सूचना के आधार पर बिल्हा थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल के साथ संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान गोदाम और वाहनों से रेलवे लाइन में उपयोग होने वाले लोहे के लाइनर, प्लेट, चाबियां, एंगल, पाइप और अन्य लोहे का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने एक छोटा हाथी और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया है। आरोपियों से सामान के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने मुख्य आरोपी इमरान कुरैशी समेत मनीष सागर, राज साहू, चंदन सवरा, बिरजू मरावी, रामअवतार सवरा और गोलू चौरसिया को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से चोरी के कबाड़ की खरीद-फरोख्त में शामिल थे। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई है। मामले में कबाड़ के स्रोत और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।