रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने ग्राम सभाओं में ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और निर्णय लेने की तैयारी की है। इसमें आवास योजनाओं, पंचायतों की वित्तीय स्थिति, रोजगार और स्थानीय विकास कार्यों की समीक्षा प्रमुख रहेगी।
ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से तैयार सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) का वाचन किया जाएगा। इसके बाद शासन के नियमों के अनुसार पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी। ग्रामीणों से मिलने वाली आपत्तियों और दावों का भी नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। ग्राम सभा की मंजूरी के बाद सूची को आवास सॉफ्टवेयर पर अपलोड किया जाएगा। बैठक में पंचायतों की आय-व्यय रिपोर्ट, पिछले प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई, स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति और पंचायत संपत्तियों के प्रबंधन जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
इसके अलावा ग्रामीणों को विकसित भारत और रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी जी राम जी) योजना की जानकारी दी जाएगी। योजना के तहत रोजगार गारंटी अवधि को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने, मजदूरी भुगतान और रोजगार से जुड़े प्रावधानों पर भी जानकारी साझा की जाएगी।विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण ग्राम सभा में शामिल हों और गांव के विकास से जुड़े फैसलों में अपनी भागीदारी निभाएं। बैठक में पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 के परिणाम भी ग्रामीणों के सामने रखे जाएंगे।
