रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में फिर से रौनक लौट आई है। ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होने के बाद सोमवार से कक्षाएं शुरू हो गईं और पूरे प्रदेश में “शाला प्रवेश उत्सव” का माहौल देखने को मिला। छत्तीसगढ़ के स्कूलों में छात्रों का तिलक लगाकर और किताबें भेंट कर शिक्षकों ने स्वागत किया, जिससे पहले दिन का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा।
राजधानी रायपुर समेत पूरे राज्य में बच्चों की वापसी से स्कूलों में चहल-पहल बढ़ गई। पहली बार स्कूल पहुंचे नन्हे छात्रों के लिए यह दिन खास और यादगार रहा। 16 से 27 जून तक शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाएगा, जबकि 30 जून को मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा।
इस अवसर पर सीएम विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मेहनत और लगन से पढ़ाई करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि, शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है और यह उन्हें जीवन में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को गणवेश, किताबें और साइकिल भी वितरित की जाएगी, जिससे शिक्षा को और मजबूत बनाने की कोशिश की जा रही है।
