मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर फिल्ममेकर फराह खान ने एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। हाल ही में एक बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि फिल्म तीस मार खान की शूटिंग के समय अक्षय रोज हेलीकॉप्टर से घर जाया करते थे। फराह खान ने बताया कि फिल्म की शूटिंग मालशेज में चल रही थी, जो मुंबई से करीब ढाई घंटे की दूरी पर था। पूरी टीम वहीं रुकती थी, लेकिन अक्षय कुमार हर दिन शूटिंग खत्म होने के बाद घर लौटते और अगले दिन समय से पहले सेट पर पहुंच जाते थे।
जब फराह ने पूछा कि वह ऐसा कैसे करते थे, तो अक्षय कुमार ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “हेलीकॉप्टर से।” इस पर फराह ने मजाक में कहा कि उन्होंने पहली बार किसी अभिनेता को हेलीकॉप्टर को टैक्सी की तरह इस्तेमाल करते देखा था। अक्षय कुमार ने अपने इस महंगे शौक पर सफाई देते हुए कहा, “किसी को क्या दिक्कत है? फिल्म का निर्माता मैं खुद था।” इस पर फराह खान ने हंसते हुए कहा, “मैं भी थी… मेरे पैसे खा गया।” जवाब में अक्षय ने मजाकिया अंदाज में कहा, “सबसे ज्यादा पैसे तो तूने उसी फिल्म से कमाए हैं।” फराह ने अक्षय कुमार की समय की पाबंदी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सुबह 8 बजे के कॉल टाइम पर अक्षय अक्सर 7:45 बजे ही सेट पर पहुंच जाते थे, चाहे उन्हें हेलीकॉप्टर से ही क्यों न आना पड़े।
