लाइफस्टाइल। गर्मियों में जामुन का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। आयरन, विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर यह फल पाचन और इम्यूनिटी को बेहतर बनाने में मदद करता है। हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार जामुन खाने के बाद कुछ चीजों का सेवन करने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जामुन खाने के तुरंत बाद दूध या दूध से बने उत्पादों का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे पाचन संबंधी दिक्कतें, गैस और पेट में भारीपन की समस्या हो सकती है। इसके अलावा खट्टे फल खाने से भी बचना चाहिए, क्योंकि इससे एसिडिटी बढ़ सकती है।
जामुन के बाद तैलीय और ज्यादा मसालेदार भोजन का सेवन भी नुकसानदायक माना जाता है। ऐसे खाद्य पदार्थ पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव डाल सकते हैं। वहीं, जामुन खाने के तुरंत बाद बहुत ठंडा पानी पीने से भी परहेज करने की सलाह दी जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार जामुन का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए, खासकर डायबिटीज मरीजों को। सही समय और सही तरीके से सेवन करने पर जामुन खून साफ करने, पाचन सुधारने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार साबित हो सकता है।
