वाशिंगटन। अमेरिका के मिसौरी राज्य में सोमवार को एक बड़ा और दर्दनाक विमान हादसा हुआ, जिसमें स्काईडाइविंग के लिए जा रहा एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 11 स्काईडाइवर और एक पायलट शामिल थे। यह विमान स्काईडाइव कैनसस सिटी द्वारा किराए पर लिया गया था और एकल-इंजन पैसिफिक एयरोस्पेस P750 मॉडल था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान ऊंचाई हासिल नहीं कर सका और अचानक बाईं ओर झुककर बटलर मेमोरियल हवाई अड्डे के पास एक खेत में गिर गया, जहां जोरदार विस्फोट के बाद आग लग गई।
प्रारंभिक जांच में विमान के इंजन में खराबी की आशंका जताई गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन सप्लाई या फिल्टर से जुड़ी समस्या के कारण विमान ने अचानक शक्ति खो दी। पायलट ने आपात स्थिति में हाईवे पर लैंड करने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत रिपोर्ट आने में कई महीने लग सकते हैं। अमेरिकी पैराशूट एसोसिएशन के अनुसार, पिछले वर्षों में स्काईडाइविंग से जुड़े कई घातक हादसे हो चुके हैं, लेकिन यह दुर्घटना हाल के वर्षों की सबसे बड़ी त्रासदी मानी जा रही है।
