‘राख’ देखकर भावुक हुए करण जौहर, बोले- आखिरी एपिसोड ने झकझोर कर रख दिया

Follow Us

मुंबई। फिल्म निर्माता करण जौहर ने हाल ही में वेब सीरीज राख की जमकर तारीफ की है। सीरीज देखने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट साझा करते हुए कहा कि आखिरी एपिसोड ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। करण ने लिखा कि सीरीज देखने के बाद वह एक अभिभावक, एक इंसान और समाज के सदस्य के रूप में बेहद परेशान और भावुक महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कहानी इंसानियत के सबसे अंधेरे पहलुओं को सामने लाती है और दर्शकों को गहराई से प्रभावित करती है। उन्होंने निर्देशक प्रोसित रॉय की कहानी कहने की शैली, भावनात्मक प्रस्तुति और विषय पर मजबूत पकड़ की सराहना करते हुए इसे शानदार कृति बताया। करण के मुताबिक, सीरीज ने बिना किसी बनावटीपन के दर्द और संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया है।

अभिनय की बात करते हुए उन्होंने सोनाली बेंद्रे, आमिर बशीर और अली फजल के प्रदर्शन की विशेष प्रशंसा की। करण ने कहा कि दुखी माता-पिता के किरदार में सोनाली और आमिर का अभिनय लंबे समय तक उनके ज़हन में रहेगा। करण जौहर की इस प्रतिक्रिया पर निर्देशक प्रोसित रॉय ने भी आभार जताया और कहा कि पूरी टीम के लिए यह बेहद खास है कि दर्शकों और इंडस्ट्री के वरिष्ठ लोगों से इतना सकारात्मक प्यार और समर्थन मिल रहा है। बताया जा रहा है कि ‘राख’ चर्चित रंगा-बिल्ला केस से प्रेरित एक संवेदनशील और सच्ची घटनाओं पर आधारित सीरीज है, जिसने दर्शकों के साथ-साथ फिल्म जगत की हस्तियों को भी गहराई से प्रभावित किया है।