वायरल कॉमेडी शो क्लिप के बाद MBBS छात्रा पर कार्रवाई, मेडिकल कॉलेज ने 15 दिन की छुट्टी पर भेजा

Follow Us

मुंबई। स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो की एक वायरल क्लिप में नजर आई केईएम (KEM) अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस छात्रा सेजल पवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और विवाद बढ़ने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने छात्रा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें 15 दिनों की छुट्टी पर भेज दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वायरल क्लिप में छात्रा द्वारा की गई कुछ टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान सेजल पवार ने अपने बयान पर खेद व्यक्त किया और कथित तौर पर भावुक हो गईं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्रा की मानसिक स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। संस्थान ने उन्हें पेशेवर काउंसलिंग लेने की सलाह भी दी है, ताकि विवाद के कारण उनके मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सके।

मामले की विस्तृत जांच के लिए केईएम अस्पताल और मेडिकल कॉलेज ने पांच सदस्यीय समिति गठित करने की सिफारिश की है। इस समिति में एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रोफेसर, एक वरिष्ठ पत्रकार और मेडिकल कॉलेज के तीन फैकल्टी सदस्य शामिल होंगे। समिति को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि शो के दौरान हुई बातचीत में उनसे गलती हुई थी और उन्होंने लोगों की भावनाएं आहत होने पर खेद व्यक्त किया। गौरतलब है कि वायरल क्लिप में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने प्रणित मोरे और सेजल पवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी दोनों को नोटिस जारी किया है। अब सभी की नजर जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।