पीएम मोदी का छह दिवसीय फ्रांस -स्लोवाकिया दौरा शुरू: G7 शिखर सम्मेलन में 7वीं बार शामिल होकर रचेंगे इतिहास

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 13 जून को फ्रांस और स्लोवाकिया की छह दिवसीय महत्वपूर्ण कूटनीतिक यात्रा पर रवाना हो गए हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, जिससे वे इस वैश्विक मंच पर सातवीं बार शामिल होने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन जाएंगे। इसके साथ ही, साल 1993 में स्लोवाकिया के एक स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला ऐतिहासिक दौरा है।

अपने इस व्यस्त दौरे के दौरान पीएम मोदी पेरिस के एवियन शहर में आयोजित होने वाले G7 समिट में हिस्सा लेंगे, जहां उनकी मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सहित दुनिया के कई शीर्ष नेताओं से होने की उम्मीद है। रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि भारत की रणनीतिक दृष्टि में फ्रांस का विशेष स्थान है। वे फ्रांस के नीस शहर में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच हुए समझौतों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ (Bharat Innovates) कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे। यह शिक्षा मंत्रालय की एक वैश्विक पहल है, जिसकी शुरुआत फरवरी 2026 में हुई थी। 14 से 16 जून तक चलने वाले इस कार्यक्रम में भारत और फ्रांस सहित कई देशों के प्रमुख स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स और वेंचर कैपिटल फंड्स हिस्सा लेंगे। भारत इस यात्रा के जरिए G7 के मंच पर अपनी मजबूत वैश्विक मौजूदगी दर्ज कराने के साथ-साथ रक्षा, तकनीक और आर्थिक सहयोग के नए रास्ते खोलेगा।