‘मैं वापस आऊंगा’ की रिलीज़ पर भावुक हुईं शरवरी, टीम के लिए लिखा खास संदेश

Follow Us

मुंबई। अभिनेत्री शरवरी ने अपनी नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की रिलीज़ के मौके पर पूरी कास्ट और क्रू के लिए भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने फिल्म को सफल बनाने में पर्दे के पीछे काम करने वाले सभी लोगों की मेहनत, समर्पण और जुनून की जमकर सराहना की।शरवरी ने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी कई तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि किसी भी फिल्म की असली ताकत सिर्फ स्क्रीन पर दिखने वाले कलाकार नहीं, बल्कि वह पूरी टीम होती है जो दिन-रात मेहनत करके हर दृश्य को खास बनाती है। उन्होंने कहा कि हर लोकेशन, हर सीन और हर भावना पूरी टीम के सहयोग और विश्वास से संभव हो पाई।

अभिनेत्री ने इन तस्वीरों को टीम के लिए एक “छोटा सा लव लेटर” बताते हुए कहा कि इस सफर को यादगार बनाने के लिए वह सभी की आभारी हैं। उन्होंने अफसोस जताया कि वह टीम के हर सदस्य की तस्वीर साझा नहीं कर सकीं, लेकिन सभी के प्रति अपना प्यार और सम्मान व्यक्त किया।शरवरी ने दर्शकों का भी धन्यवाद किया और कहा कि फिल्म को मिले प्यार और समर्थन ने पूरी टीम की मेहनत को सार्थक बना दिया है। उन्होंने लोगों से सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखने की अपील भी की।’मैं वापस आऊंगा’ एक पीरियड रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसमें शरवरी, नसीरुद्दीन शाह और वेदांग रैना मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म 1947 के भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है और प्यार, बिछड़न, पलायन और यादों की भावनात्मक कहानी को दर्शाती है।