भाटापारा/रायपुर। समाजसेवा एवं मानव कल्याण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए भाटापारा शहर के प्रतिष्ठित नागरिक रमण लाल अग्रवाल (80 वर्ष) ने अपने निधन उपरांत देहदान करने का संकल्प लिया है। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर को देहदान हेतु आवश्यक घोषणा पत्र भरकर अपनी सहमति प्रदान की है।
अग्रवाल ने अपना घोषणा पत्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटापारा के अरविंद वर्मा को सौंपते हुए प्रसन्नता व्यक्त की तथा समाज के अन्य लोगों से भी चिकित्सा विज्ञान के विकास एवं नई-नई शोध एवं अनुसंधानों में सहयोग हेतु देहदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि मृत्यु के पश्चात भी मानव शरीर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने कहा कि, देहदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। इससे चिकित्सा छात्रों को अध्ययन एवं प्रशिक्षण में सहायता मिलती है तथा चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान को नई दिशा मिलती है। उन्होंने नागरिकों से इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूक होने और स्वेच्छा से देहदान हेतु आगे आने का आग्रह किया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार माहेश्वरी ने कहा कि देहदान एक महान एवं अनुकरणीय कार्य है, जो समाज में मानव सेवा और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि, ऐसे प्रेरणादायक निर्णय समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करते हैं तथा लोगों को जनकल्याण के कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।
