मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए राज्य में अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। महानदी भवन से जारी इस नई सूची में सबसे बड़ी और संवेदनशील कार्रवाई मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में देखने को मिली है, जहाँ सुशासन की कसौटी पर खरे न उतरने वाले जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) आरपी मिरे को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है।
दरअसल, हाल ही में घोषित हुए कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों में एमसीबी जिला पूरे प्रदेश में सबसे निचले पायदान पर रहा था। इसके अलावा, ‘सुशासन तिहार’ के दौरान चिरमिरी में हुई मैराथन समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभागीय लापरवाही और लचर कार्यप्रणाली को लेकर तत्कालीन डीईओ आरपी मिरे को जमकर फटकार लगाई थी। मुख्यमंत्री की इसी सख्त नाराजगी और खराब परफॉर्मेंस का नतीजा है कि मिरे को हटाकर लोक शिक्षण संचालनालय भेज दिया गया है।
अब पटरी से उतरी स्कूली शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए शासन ने रविकांत यादव (विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी) पर भरोसा जताते हुए उन्हें जिले का नया प्रभारी डीईओ नियुक्त किया है। उनके सामने अब जिले के शैक्षणिक स्तर को उठाने की एक बेहद चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
