दिल्ली में सिंगर गुरु रंधावा के जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अज्ञात हमलावरों ने मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के जिम के बाहर कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी फैल गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन वारदात को अंजाम देकर हमलावर बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए।

इस सनसनीखेज हमले की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित पोस्ट और ऑडियो क्लिप में गैंग के सदस्य ने दावा किया है कि गुरु रंधावा के बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के साथ करीबी संबंध हैं, इसीलिए उन्हें निशाना बनाया गया है। ऑडियो में धमकी देते हुए इस फायरिंग को महज एक “ट्रेलर” बताया गया है और आगे गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने जिम के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां इस वायरल ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की फोरेंसिक व तकनीकी जांच कर रही हैं ताकि इस बात की पुष्टि हो सके कि हमला वाकई बिश्नोई गैंग ने किया है या फिर किसी ने सिर्फ दहशत फैलाने के लिए उनके नाम का इस्तेमाल किया है।