विपक्ष को बड़ा झटका: ‘इंडिया’ गठबंधन से अलग हुई डीएमके, स्टालिन का एलान– कांग्रेस की मौजूदगी वाली बैठक में नहीं जाएंगे

Follow Us

नई दिल्ली। देश के मुख्य विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (INDIA) को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी डीएमके (DMK) और कांग्रेस की राहें पूरी तरह जुदा हो गई हैं। डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने ‘इंडिया’ ब्लॉक से अलग होने का आधिकारिक एलान कर दिया है। इसके साथ ही संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) में डीएमके सांसदों को विपक्षी गठबंधन से अलग बैठने की मंजूरी भी मिल गई है। पार्टी नेता कनिमोझी के अनुरोध पर लोकसभा सचिवालय ने सीटों की नई व्यवस्था को हरी झंडी दे दी है।

इस बड़ी सियासी दरार की वजह तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद पैदा हुए समीकरण हैं। महज 5 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने डीएमके का साथ छोड़ते हुए सरकार बनाने के लिए टीवीके (TVK) से हाथ मिला लिया था। कांग्रेस के इस कदम को डीएमके के वरिष्ठ नेताओं ने ‘पीठ में छुरा घोंपना’ और कार्यकर्ताओं के साथ ‘धोखाधड़ी’ करार दिया है।

डीएमके मुख्यालय से जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस के इस धोखे से उनके कार्यकर्ताओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। कार्यकर्ताओं के सम्मान में डीएमके ने आगामी 8 जून को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक का पूरी तरह बहिष्कार करने का फैसला किया है। स्टालिन ने साफ कर दिया है कि डीएमके भविष्य में ऐसी किसी भी बैठक का हिस्सा नहीं बनेगी जिसमें कांग्रेस शामिल होगी। इस टूट ने राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष की एकजुटता को तार-तार कर दिया है।