धमतरी। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक PWD कर्मचारी ने पुराने पारिवारिक संबंधों और विश्वास का फायदा उठाकर सराफा व्यापारी को करीब 70 लाख रुपये का चूना लगा दिया। साथ ही आरोपी व्यापारी का भरोसा जीतकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया, जिसके बाद पूरे सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार का है। पीड़ित सराफा व्यापारी जसराज जैन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी हेमंत सोनी लोक निर्माण विभाग (PWD) में कर्मचारी है। उसके पिता लंबे समय से जसराज जैन की दुकान में कार्यरत थे, जिससे दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुराना विश्वास कायम था। इसी भरोसे का लाभ उठाते हुए हेमंत सोनी का दुकान में आना-जाना बढ़ गया। वह ग्राहकों को सोने-चांदी के आभूषण दिखाने और बिक्री संबंधी कार्यों में सहयोग करने लगा। धीरे-धीरे उसने व्यापारी का इतना विश्वास जीत लिया कि उसे लाखों रुपये मूल्य के जेवरात सौंपे जाने लगे। बताया गया कि, करीब दो महीने पहले हेमंत सोनी दुकान से लगभग 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। व्यापारी ने जब उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब व्यापारी को अपने साथ हुई बड़ी धोखाधड़ी का एहसास हुआ।
PWD कर्मी ने सराफा कारोबारी से की 70 लाख की ठगी, तलाश जारी
