कवर्धा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के अवसर पर कबीरधाम जिले के ग्राम भलपहरी और अचानकपुर का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों गांवों में कुल 48 लाख 30 हजार रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। साथ ही ग्राम भलपहरी में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन और अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम भलपहरी में हाईस्कूल रोड पर सीसी रोड निर्माण के लिए 2.60 लाख रुपये, प्राथमिक शाला में किचन शेड के लिए 4 लाख रुपये और अकालगरिहा पारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये की घोषणा की। वहीं, ग्राम अचानकपुर में मंच निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपये, मुख्य मार्ग से पंचराम के घर तक सीसी रोड के लिए 2.60 लाख रुपये तथा मैदान और गोठान समतलीकरण के लिए 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
अटल डिजिटल सेवा केंद्र से गांव में मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं
ग्राम भलपहरी में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि इससे ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं मिल सकेंगी। केंद्र के माध्यम से महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की राशि निकालने के साथ जमा करने जैसी सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। इससे ग्रामीणों को छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर जाने की जरूरत कम होगी।
गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों में सड़क, बिजली, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बैगा आदिवासियों के आवास की राशि में गड़बड़ी के मामले में कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी। साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय की बसाहटों तक सड़क और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
राजेश शर्मा रायपुर रेल डिवीजन में रेल सलाहकार समिति के सदस्य बने
भोरमदेव शक्कर कारखाने की उपलब्धि का किया उल्लेख
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि किसानों की मेहनत के परिणामस्वरूप भोरमदेव शक्कर कारखाने को वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश में सर्वाधिक रिकवरी वाला शक्कर कारखाना बनने का गौरव मिला है। उन्होंने बताया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ संवाद कर विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की तथा क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
