T20 वर्ल्ड कप के 3 मुकाबले आज, भारतीय मुक्केबाजों का दबदबा और पाक-ICC की बातचीत

Follow Us

नई दिल्ली। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है। जहां टूर्नामेंट के पहले दिन तीन मुकाबले खेले गए, जिसमें तीन टीमों ने जीत के साथ अपने अभियान की शानदार शुरुआत की, जबकि तीन टीमों को हार का सामना करना पड़ा। अब टूर्नामेंट के दूसरे दिन यानी 8 फरवरी को भी क्रिकेट फैंस के लिए जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा। इस दिन कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे, जो भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे से लेकर रात तक चलेंगे। वहीं स्पेन में आयोजित बॉक्सम एलीट इंटरनेशनल में भारतीय मुक्केबाजों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 12 फाइनल स्लॉट सुरक्षित किए। इसमें 8 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। ओलिंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहाईं (75 किग्रा) ने वेल्स की रोजी एक्लेस को 5-0 से हराया। पुरुषों के वर्ग में सचिन (60 किग्रा) और दीपक (70 किग्रा) ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। भारत के लिए एक गोल्ड मेडल पहले ही पक्का हो चुका है, क्योंकि महिलाओं के 54 किग्रा का फाइनल दो भारतीयों प्रीति और पूनम के बीच खेला जाएगा।

वहीं टी20 वर्ल्ड कप के आगाज के साथ ही भारत-पाकिस्तान मुकाबले में अहम मोड़ आ गया है। आईसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के बीच इस मैच को लेकर बातचीत शुरू हो गई है। दरअसल, पीसीबी ने ‘फोर्स मेजोर’ (अपरिहार्य परिस्थितियों) और पाक सरकार के आदेश का हवाला देते हुए मैच का बहिष्कार करने की बात कही थी। सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी ने इस क्लॉज की वैधता पर सवाल उठाए और पीसीबी को चेतावनी दी कि बिना ठोस कारण मैच न खेलने पर उन्हें हर्जाना देना पड़ सकता है। आईसीसी के इस सख्त रवैये और सीईओ संजोग गुप्ता के कोलंबो पहुंचने के बाद, पाकिस्तान बोर्ड अब बातचीत की मेज पर आ गया है. आईसीसी का कहना है कि वे टकराव नहीं, बल्कि समाधान चाहते हैं। ब्रिटेन की नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी एमा राडुकानू ने चार साल और पांच महीने के लंबे इंतजार के बाद किसी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। राडुकानू ने ट्रांसिल्वेनिया ओपन के सेमीफाइनल में यूक्रेन की ओलेकसांद्रा ओलिन्यिकोवा को हराया. यह उनका यूएस ओपन 2021 चैम्पियन बनने के बाद पहला फाइनल होगा। ट्रांसिल्वेनिया ओपन में उन्होंने लगातार तीन मैच सीधे सेटों में जीते और सेमीफाइनल में कड़ी चुनौती का सामना करते हुए ओलिन्यिकोवा को 7-5, 3-6, 6-3 से हराया। मुकाबला दो घंटे 48 मिनट चला। अब वर्ल्ड नंबर-30 राडुकानू का सामना स्थानीय खिलाड़ी सोराना किटिया से होगा।