बंधक बनाकर दुष्कर्म और आत्महत्या का मामला: मुख्य आरोपी ढाबा मालिक पुलिस की गिरफ्त में

Follow Us

राजनांदगांव। टेडेसरा क्षेत्र में नाबालिग युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता था और घर जाने की बात करने पर उसे कमरे में बंद कर मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मृतका की मां ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी करीब दो-तीन महीने पहले टेडेसरा स्थित एक कॉल सेंटर में काम करने आई थी और शुरुआत में आरोपी के ढाबे में रहती थी। बाद में वह किराए के मकान में रहने लगी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ढाबा संचालक रंजीत सिंह युवती के साथ मारपीट करता था तथा उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमनी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी रंजीत सिंह (22) ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।