रायगढ़ हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, कोटवार समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र के उरबा गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गांव का कोटवार हरिराम चौहान, उसका बेटा आकाश चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडा और चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 30 मई की रात ग्राम उरबा निवासी दामोदर राठिया को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। सूचना मिलने पर तमनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दामोदर राठिया की मौत हो चुकी थी। मामले की शिकायत मृतक के बहनोई अवधराम राठिया ने दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपनी बेटी के साथ दामोदर राठिया के घर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि हरिराम चौहान, उसका बेटा आकाश और एक नाबालिग दामोदर राठिया के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि आकाश और नाबालिग ने चाकू से हमला किया, जबकि हरिराम चौहान ने डंडे से वार किया। बीच-बचाव करने पहुंचे शिकायतकर्ता के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल दामोदर राठिया को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि खाना खाने के बाद इस्तेमाल किए गए पत्तल को बाहर फेंकने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल डंडा और चाकू भी बरामद कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।