दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के दौरान भाजपा एवं आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित जातिवादी कृत्य तथा राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज एफआईआर के विरोध में कांग्रेस ने दुर्ग में प्रदर्शन किया।
राजीव भवन से निकली रैली में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा शामिल हुए। ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर एवं दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के संयुक्त नेतृत्व में निकली रैली इंदिरा मार्केट स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा तक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र एवं सामाजिक न्याय की आवाज बुलंद की।
अरुण वोरा ने कहा कि भाजपा और आरएसएस की कथित जातिवादी एवं लोकतंत्र विरोधी सोच के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी की रैली के दौरान हुई कथित घटना और इसके बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। देश में नफरत और भेदभाव की राजनीति के बजाय भाईचारे, समानता और लोकतंत्र को मजबूत करने की जरूरत है। कांग्रेस कार्यकर्ता हर अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।

