नई दिल्ली। ओटीटी लवर्स के लिए मनोरंजन का बड़ा धमाका होने जा रहा है। प्राइम वीडियो (Prime Video) ने अपनी बहुप्रतीक्षित ओरिजिनल इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘राख’ (Raakh) का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है। 1970 के दशक के आखिरी वर्षों की दिल्ली पर आधारित यह कहानी एक ऐसे भयावह अपराध को दिखाती है, जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। सस्पेंस और इमोशनल ड्रामे से भरपूर यह सीरीज 12 जून से दुनिया भर के 240 से ज्यादा देशों में स्ट्रीम की जाएगी।
ट्रेलर की शुरुआत एक झकझोर देने वाले सवाल से होती है, जहां एक हंसते-खेलते परिवार के बच्चे का रहस्यमय तरीके से अपहरण हो जाता है। सीरीज में लंबे समय बाद सोनाली बेंद्रे ‘मोना अरोड़ा’ के एक दमदार किरदार में नजर आ रही हैं, जबकि आमिर बशीर उनके पति ‘लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक अरोड़ा’ का रोल निभा रहे हैं। एक बेबस मां-बाप की अपने बच्चे को ढूंढने की जद्दोजहद और समाज में छिपी हैवानियत को ट्रेलर में बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है।
वहीं, वर्सेटाइल एक्टर अली फजल सीरीज में सब-इंस्पेक्टर ‘जयप्रकाश’ की भूमिका में हैं, जो इस सनसनीखेज मामले की जांच संभालते हैं। केस की तह तक जाने के दौरान उनका सामना अपराधियों की ऐसी मानसिक विकृतियों से होता है, जो इंसानियत को शर्मसार कर देती हैं। प्रोसित रॉय के निर्देशन में बनी इस सीरीज को अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत ने लिखा और बनाया है। ट्रेलर को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स ने सस्पेंस और थ्रिलर के शौकीनों के बीच इस सीरीज को लेकर उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंचा दी है।
