मुंबई। मशहूर सेलिब्रिटी फोटोग्राफर डब्बू रत्नानी अपने अनोखे और बेहतरीन फोटोशूट के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। हाल ही में अभिनेत्री पूजा भट्ट के एक पॉडकास्ट में शामिल हुए डब्बू ने बॉलीवुड के ‘किंग खान’ यानी शाहरुख खान के साथ काम करने के पुराने और दिलचस्प अनुभवों को साझा किया। पूजा भट्ट द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस ऑडियो पॉडकास्ट क्लिप में डब्बू रत्नानी ने शाहरुख खान के कुछ यादगार बिहाइंड-द-सीन्स किस्से बताए।
डब्बू ने एक अनोखा वाकया याद करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने एक कबाड़ की दुकान से आइडिया लेकर शाहरुख का एक ऐतिहासिक फोटोशूट प्लान किया था। उन्होंने कहा, “एक बार मैं अपनी गाड़ी के टायर बदलवाने एक दुकान पर गया था। वहां मैंने देखा कि एक आदमी पुराने और फटे हुए टायरों को कबाड़ की तरह टेम्पो में लोड कर रहा था। मुझे वह रफ बैकग्राउंड बेहद पसंद आया। मैंने तुरंत दुकान वाले से बात की और करीब 200 पुराने टायर महबूब स्टूडियो मंगवा लिए। उन्हीं टायरों के मलबे से एक अनोखा सेट तैयार किया गया और फिर शाहरुख खान का वह यादगार शॉट लिया गया।”
डब्बू रत्नानी ने बताया कि शाहरुख के साथ उनके ज्यादातर शूट उनके बंगले ‘मन्नत’ में ही हुए हैं। उन्होंने शाहरुख की तारीफ करते हुए कहा कि उनके बेफिक्र और स्वाभाविक पल ही सबसे बेहतरीन तस्वीरों में बदल जाते थे। ऐसा ही एक किस्सा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि जब शाहरुख ओशिवारा में उनके स्टूडियो आए, तो वे वहां डब्बू के पालतू कुत्ते ‘फ्लैश’ के साथ खेलने लगे। डब्बू ने उन्हें कोई बनावटी पोज देने के बजाय उसी नेचुरल और खूबसूरत पल को कैमरे में कैद कर लिया।
