डिप्टी सीएम अरुण साव का कांग्रेस पर तीखा पलटवार: बोले- आरोप लगाना यह साबित करता है कि विपक्ष ने पहले ही मान ली है हार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगर पंचायत उप-चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस द्वारा उप-चुनाव के निष्पक्ष न होने के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, ऐसी बयानबाजी साफ दर्शाती है कि, कांग्रेस ने मतदान से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। भाजपा हमेशा जनता के भरोसे पर चुनाव लड़ती है और इस बार भी चुनाव की बेहतरीन व्यवस्था की गई है। राज्य में सुशासन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए जा रहे ‘मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर’ को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता पारदर्शिता है। इस हेल्पलाइन के जरिए आम जनता बिना किसी दलाली या परेशानी के सीधे सरकार तक अपनी शिकायतें पहुंचा सकेगी, जिसे ट्रैक भी किया जा सकेगा।

वहीं, धान शॉर्टेज को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए अरुण साव ने स्पष्ट किया कि, यह पूरी तरह जांच का विषय है। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि, सरकार में किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी गड़बड़ी की शिकायत मिलेगी, वहां निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई होगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिनका अपना पूरा कार्यकाल घोटालों से घिरा रहा, उन्हें हर जगह सिर्फ घोटाला ही नजर आता है। इसके अलावा, ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान कुछ जनप्रतिनिधियों के आक्रामक व्यवहार पर उपमुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में हिदायत दी। उन्होंने दो टूक कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के सेवक हैं, इसलिए उनका आचरण हमेशा कानून और मर्यादा के दायरे में होना चाहिए। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है।