गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। देवभोग थाना क्षेत्र के दीवानमुड़ा गांव में स्थित एक होटल में आरोपी ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर धारदार ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी हमले में 45 वर्षीय महिला छबनीता यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने आए उनके पति और दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस वीभत्स घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग दहशत में हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह खूनी खेल सोमवार सुबह उस वक्त खेला गया जब आरोपी देवी सिंह अचानक होटल पहुंचा। वहां उसने बिना कुछ सोचे-समझे महिला की गर्दन पकड़ी और ब्लेड से वार कर दिया। इससे पहले कि मौके पर मौजूद पति और बेटे कुछ समझ पाते, आरोपी ने बीच-बचाव करने आए बेटों की गर्दन और पति के पेट पर भी ब्लेड से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया और फरार हो गया। स्थानीय लोग घायलों को तुरंत देवभोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर प्रकाश साहू ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही देवभोग थाना प्रभारी फैजुल शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर हत्या के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।

