योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा को अंतिम विदाई, श्रद्धांजलि देने पहुंचे सीएम साय निवास

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के निधन के बाद शोक की लहर फैल गई है। बुधवार सुबह सीएम विष्णु देव साय कबीर नगर स्थित उनके निवास पहुंचे और पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे। बताया गया कि, मंगलवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। सीएम साय ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि, रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से संगठन से जुड़े थे और उनके साथ आत्मीय संबंध रहे। उन्होंने कहा कि, राज्य ने एक समर्पित और सरल व्यक्तित्व को खो दिया है। इधर, रूपनारायण सिन्हा के निधन के बाद भाजपा का पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान भी स्थगित कर दिया गया है। तिफरा में आयोजित होने वाला दो दिवसीय कार्यक्रम अब बाद में आयोजित किया जाएगा।