नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब सिर्फ क्रिकेट फैंस के बीच ही नहीं, बल्कि दूसरे खेलों की दुनिया में भी लोकप्रिय हो रहे हैं। दरअसल, डब्ल्यूडब्ल्यूई सुपरस्टार ड्रू मैकइंटायर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह जिम में एक्सरसाइज करते नजर आए। खास बात यह रही कि उन्होंने इस दौरान वैभव सूर्यवंशी की जर्सी पहन रखी थी। मैकइंटायर ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘चोजन वन’ यानी ‘विशेष रूप से चुना गया इंसान’। इसके बाद यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने इसे वैभव के बढ़ते स्टारडम का बड़ा संकेत माना। आपको बता दें की ड्रू मैकइंटायर की पोस्ट पर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने भी मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा, ‘ओएमजीजीजी… याद नहीं मैंने 2K में कितने फ्यूचर शॉक डीडीटी लगाए हैं।’ रियान का यह कमेंट सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। वहीं राजस्थान रॉयल्स के आधिकारिक अकाउंट ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘निश्चित तौर पर’, यानी वैभव सच में ‘विशेष रूप से चुने गए इंसान’ हैं।
वहीं अब सभी की निगाहें राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले एलिमिनेटर मुकाबले पर हैं। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा होगा, क्योंकि हारने वाली टीम सीधे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम क्वालिफायर-2 में पहुंचेगी। वैभव सूर्यवंशी इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं और ऑरेंज कैप की रेस में भी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी लीग मैच में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। ऐसे में वह एलिमिनेटर में दमदार वापसी करना चाहेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद इस मुकाबले में आत्मविश्वास के साथ उतर रही है। टीम ने लीग चरण में राजस्थान रॉयल्स को दो बार हराया था। कप्तान पैट कमिंस की अगुवाई वाली टीम ने 14 मैचों में 18 अंक हासिल किए, लेकिन नेट रन रेट कम होने के कारण उसे तीसरे स्थान पर रहकर एलिमिनेटर खेलना पड़ रहा है। हालांकि इस बार राजस्थान रॉयल्स के सामने “वैभव सूर्यवंशी तूफान” सबसे बड़ी चुनौती बनकर खड़ा है। युवा बल्लेबाज का फॉर्म और बढ़ता आत्मविश्वास टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
