रणवीर सिंह से पहले इन दिग्गजों पर लगा बैन; धर्मेंद्र और शत्रुघ्न सिन्हा को क्यों मिली राहत?

Follow Us

मुंबई। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडियन सिने एम्प्लॉइज ने सोमवार को रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कॉपरेशन नोटिस जारी किया। इसका मतलब यह है कि FWICE ने अपने 4 लाख से ज्यादा सदस्यों से कहा है कि वे रणवीर सिंह के साथ काम न करें। FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने कहा कि यह नोटिस तभी वापस लिया जाएगा, जब रणवीर सिंह खुद उनके सामने पेश होंगे और फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ से अचानक बाहर निकलने वाले विवाद को सुलझाएंगे। हालांकि, रणवीर सिंह पहले ऐसे एक्टर नहीं हैं, जिनके खिलाफ FWICE ने इतना सख्त कदम उठाया है। पिछले 10 वर्षों में, FWICE ने एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ और सिंगर मीका सिंह जैसी मशहूर हस्तियों के खिलाफ भी नॉन-कॉपरेशन का निर्देश जारी किया है। ज्यादातर मामलों में इसकी वजह राजनीतिक रही है। इस संस्था ने 1986 में भी सख्त कदम उठाया था। उस समय, फिल्म इंडस्ट्री ने सिनेमा टिकटों और शूटिंग के सामान पर लगाए गए भारी टैक्स के विरोध में सामूहिक हड़ताल की थी।

आपको बता दें की जब FWICE ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हड़ताल का ऐलान किया था, उस वक्त पहलाज निहलानी ‘आग ही आग’ (1987) को प्रोड्यूस कर रहे थे। इस फिल्म की स्टारकास्ट जैसे धर्मेंद्र, शत्रुघ्न सिन्हा और चंकी पांडे ने बेंगलुरु और ऊटी में शूटिंग जारी रखी थी। चंकी पांडे ने हाल ही में इकॉनोमिक टाइम्स से बातचीत में इस बात की जानकारी दी। वहीं चंकी पांडे ने बताया ‘हड़ताल के बावजूद शूटिंग जारी रखने के लिए मेरे और इस फिल्म से जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। धर्मेंद्र जी और शत्रुघ्न सिन्हा जी भी इस फिल्म का हिस्सा थे, लेकिन वे इतने बड़े स्टार थे और एक साथ 30-40 फिल्में कर रहे थे कि उन पर बैन लगाना मुमकिन नहीं था। मैं उस समय नया था। मेरी फिल्म अभी रिलीज भी नहीं हुई थी, इसलिए मुझ पर लगभग एक हफ्ते का बैन लगा दिया गया। बाद में, मैंने माफी मांग ली और एक हफ्ते के भीतर ही बैन हटा दिया गया।’ वहीं FWICE ने दावा किया है कि बार-बार याद दिलाने के बावजूद, रणवीर उनके सामने पेश नहीं हुए। उन्होंने फरहान की ‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’ की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत के जवाब में अपना पक्ष नहीं रखा। रणवीर ने शूटिंग शुरु होने से कुछ दिन पहले ही प्रोजेक्ट को छोड़ दिया था।