इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू अस्पताल में भर्ती, दांतों के इलाज के लिए मेडिकल सेंटर पहुंचे

Follow Us

यरूशलेम। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को सोमवार शाम को जेरूसलम के हदासा ऐन केरेम मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, 76 वर्षीय नेतन्याहू वहां दंत चिकित्सा (डेंटिस्ट्री) से जुड़े इलाज के लिए पहुंचे हैं। हालांकि, उपचार की सटीक वजह का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि पीएम की स्थिति पूरी तरह सामान्य और ठीक है।

नेतन्याहू के स्वास्थ्य को लेकर दुनिया भर में अक्सर चर्चाएं गर्म रहती हैं। पिछले महीने ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया था कि वे प्रोस्टेट के घातक ट्यूमर से पीड़ित थे, जिसका सफल रेडिएशन इलाज किया गया था। उन्होंने यह जानकारी तब छिपाकर रखी थी ताकि ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच दुश्मन देश इसका गलत फायदा न उठा सकें। बाद में उन्होंने अपनी सालाना हेल्थ रिपोर्ट भी सार्वजनिक की थी।

गौरतलब है कि, पिछले कुछ सालों में इजरायली पीएम की कई बड़ी सर्जरियां हो चुकी हैं। जुलाई 2023 में उन्हें पेसमेकर लगाया गया था, जबकि मार्च 2024 में उनकी हर्निया की सर्जरी हुई थी। इसके बाद, दिसंबर 2024 में प्रोस्टेट ग्रंथि को हटाने के लिए उनका एक और बड़ा ऑपरेशन किया गया था। बार-बार अस्पताल में भर्ती होने के चलते देश और दुनिया की नजरें उनके स्वास्थ्य पर टिकी हुई हैं।