राहुल गांधी का पीएम पर बड़ा हमला: ‘महंगाई मानव मोदी’ चुनाव खत्म होते ही जनता की जेब पर कर रहे वार

Follow Us

नई दिल्ली। देश में लगातार चौथी बार पेट्रोल और डीजल के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी को ‘महंगाई मानव मोदी’ का नाम देते हुए आरोप लगाया कि सरकार किश्तों में तेल के दाम बढ़ा रही है, ताकि आम जनता की जेब चुपके-चुपके कटती रहे और उन्हें इसका अहसास भी न हो। राहुल गांधी ने चेतावनी दी है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग लगने का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है, बल्कि दाम अभी और ज्यादा बढ़ेंगे।

राहुल गांधी ने सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह महीनों से आने वाले आर्थिक तूफान को लेकर आगाह कर रहे थे, लेकिन प्रधानमंत्री हमेशा की तरह चुनावों में व्यस्त थे। उन्होंने तंज कसा कि ‘महंगाई मानव मोदी’ का एक ही काम है,चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करना और चुनाव खत्म होते ही जनता की जेब पर सीधा वार करना। गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों के भीतर तेल कंपनियों ने चौथी बार कीमतें बढ़ाई हैं, जिसके तहत पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हो गया है। महज 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल करीब ₹7.5 प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है, जिसने आम आदमी के घर का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।