दुबई कनेक्शन वाले ‘नसीब बुक’ सट्टा गिरोह पर बड़ा वार: रायपुर क्राइम ब्रांच ने राहुल फतनानी समेत 3 को दबोचा

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। दुबई से संचालित बताए जा रहे ‘नसीब बुक’ ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े मामले में पुलिस ने फरार बुकी सोनू फतनानी के भाई राहुल फतनानी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई तिल्दा इलाके में की गई, जहां आरोपी लंबे समय से सक्रिय बताए जा रहे थे। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि राहुल फतनानी ऑनलाइन सट्टे के करोड़ों रुपये के लेन-देन का हिसाब संभालता था। वह नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों को मैनेज करने के साथ रकम ट्रांसफर और खातों के संचालन में अहम भूमिका निभा रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम काफी समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।

जांच के दौरान पुलिस को तिल्दा स्थित वार्ड क्रमांक 5 में राहुल फतनानी का निर्माणाधीन आलीशान बंगला भी मिला है। आशंका जताई जा रही है कि सट्टे से कमाई गई रकम को प्रॉपर्टी और अन्य निवेशों में लगाया गया। पुलिस को आरोपी के तार पहले गिरफ्तार हो चुके सटोरिए बब्बन लालवानी से भी जुड़े मिले हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 9 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और करोड़ों के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। वहीं, ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड सोनू फतनानी अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले में कई बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।