सामूहिक भोज पड़ा भारी! खाना खाते ही बिगड़ी 17 ग्रामीणों की तबीयत, महिला की मौत से गांव में दहशत

Follow Us

कोंडागांव। जिले के तमरावंड क्षेत्र में आयोजित एक सामूहिक भोज अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गया। भोजन करने के कुछ घंटों बाद ग्रामीणों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। उल्टी, दस्त, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत के बाद 17 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक गांव में देवी-देवताओं की पूजा के बाद सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। भोज के कुछ समय बाद लोगों को अचानक बेचैनी और पेट संबंधी समस्याएं होने लगीं।

हालत बिगड़ने पर परिजनों और ग्रामीणों ने सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। खाद्य विभाग ने भोज में परोसे गए भोजन के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि बीमारी की सही वजह का पता लगाया जा सके। सिविल सर्जन डॉ. टीएल मंडावी ने बताया कि फिलहाल कई मरीजों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से गर्मी के मौसम में ताजा और स्वच्छ भोजन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।