मुंबई। महाराष्ट्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल महाबलेश्वर से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पोलादपुर-आंबेनळी घाट मार्ग पर रविवार देर रात एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो कार करीब 700 से 800 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी 8 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और महाबलेश्वर ट्रैकर्स की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
यह हादसा रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुआ। रात का घुप्प अंधेरा और घाट क्षेत्र का बेहद दुर्गम व पथरीला रास्ता होने के कारण शुरुआती दौर में राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह करीब 6 बजे से चार अलग-अलग टीमों ने रस्सियों के सहारे गहरी खाई में उतरकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। भारी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
सभी मृतक सातारा जिले के कोरेगांव तहसील के आसगांव के रहने वाले थे, जिनकी उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच थी। मृतकों की पहचान महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक सालुंखे (21), रितेश राजेंद्र लोखंडे (25), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), अंश समीर चव्हाण (18), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), अनिल अभिमन्यू शिंगटे (25) और नितीन किसन नायकोंडे (35) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, हादसे की असल वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती आशंका है कि देर रात खतरनाक मोड़ पर संतुलन खोने के कारण यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद पूरे आसगांव में मातम पसरा हुआ है।
