भीषण गर्मी की चपेट में दक्षिण और मध्य भारत: तेलंगाना-आंध्र में लू से 67 की मौत, 47.2 डिग्री के साथ महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी देश में सबसे गर्म

Follow Us

हैदराबाद। दक्षिण और मध्य भारत इन दिनों सूरज की भीषण तपिश और जानलेवा लू (हीटवेव) की चपेट में है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में चिलचिलाती धूप काल बन कर टूट रही है, जहां पिछले 24 घंटों में हीटस्ट्रोक (लू लगना) के कारण कुल 67 लोगों की जान चली गई है। अकेले तेलंगाना में शनिवार को 51 लोगों की मौत दर्ज की गई, जिसमें सबसे गंभीर स्थिति वारंगल जिले की रही, जहां अकेले 23 लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा करीमनगर में 11, खम्मम में 7, आदिलाबाद और नलगोंडा में 5-5 लोगों की मौत हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तेलंगाना के आपदा प्रबंधन मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।

पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में भी हालात बेहद चिंताजनक हैं, जहां शनिवार को लू की वजह से 16 लोगों की मौत हो गई। इनमें से अधिकांश मौतें एनटीआर, कृष्णा और गुंटूर जिलों में हुई हैं। तेलंगाना के 15 जिलों में पारा 45 डिग्री के पार बना हुआ है, जिसमें कोठागुडेम 46.3 डिग्री के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। सरकार ने अधिकारियों को फील्ड पर रहने और सार्वजनिक स्थानों जैसे बस स्टैंड, बाजारों और श्रमिक क्षेत्रों में ठंडा पानी, छाछ और ओआरएस (ORS) पैकेट उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।

इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, महाराष्ट्र के विदर्भ का ब्रह्मपुरी इलाका 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पूरे देश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी इस जानलेवा गर्मी से राहत न मिलने की आशंका जताई है।