शेयर मार्केट अपडेट: क्रूड में नरमी से शेयर बाजार में रौनक; सेंसेक्स 75,400 और निफ्टी 23,700 के पार बंद, IT शेयरों में रही धूम

Follow Us

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी और अमेरिका-ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत की खबरों ने वैश्विक बाजार के साथ-साथ भारतीय शेयर बाजार की धारणा को भी मजबूत कर दिया है। इस सकारात्मक माहौल के चलते इस सप्ताह घरेलू शेयर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक शानदार बढ़त के साथ बंद हुए। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन निफ्टी 0.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,719 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि पूरे हफ्ते में इसमें 0.32 फीसदी की मजबूती देखी गई। वहीं, सेंसेक्स भी अंतिम दिन 231 अंकों की उछाल के साथ 75,415 के स्तर पर बंद हुआ।

इस हफ्ते शेयर बाजार में सबसे शानदार प्रदर्शन आईटी (IT) सेक्टर का रहा, जहां हालिया गिरावट के बाद आकर्षक वैल्यूएशन के कारण निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। इसके अलावा रियल्टी, सीमेंट और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में भी तेजी का रुख रहा, हालांकि एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में थोड़ी कमजोरी दर्ज की गई। बड़े सूचकांकों के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स का प्रदर्शन ज्यादा बेहतर रहा, जहां निफ्टी मिडकैप में 1.36 फीसदी की तेजी आई। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, निफ्टी के लिए अब 23,800 से 24,000 का स्तर एक मजबूत रेजिस्टेंस (रुकावट) जोन है, जबकि नीचे की तरफ 23,400 का स्तर अहम सपोर्ट एरिया रहेगा। फिलहाल निवेशकों की नजरें आने वाले समय में जारी होने वाले आईआईपी (IIP) के आंकड़ों और आरबीआई की मौद्रिक नीति पर टिकी हुई हैं।