सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में खाद की कालाबाजारी और अवैध रूप से अधिक दामों पर बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के कड़े निर्देश के बाद हरकत में आई कृषि विभाग की विशेष टीम ने जिले के कई इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान खाद के स्टॉक और बिक्री में भारी अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सात बड़े खाद दुकानदारों के लाइसेंस सस्पेंड (निलंबित) कर दिए गए हैं।

कृषि उपसंचालक तरुण प्रधान ने इस बड़ी कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि, जांच में पारदर्शिता न मिलने और नियमों के उल्लंघन के कारण इन सात डीलर्स पर गाज गिरी है। विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी आरोपी दुकानदारों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर इन सभी के लाइसेंस हमेशा के लिए निरस्त (कैंसल) कर दिए जाएंगे।

इन प्रमुख दुकानदारों पर हुई कार्रवाई: निलंबित होने वाली दुकानों में कोमल प्रसाद जायसवाल (साराडीह), योगेश कुमार अग्रवाल (फगुरम), सक्ती आधुनिक एफपीओ (भातमाहुल), किसान खाद भंडार (सक्ती), विकास कुमार अग्रवाल (बाराद्वार), आदित्य ट्रेडर्स (कुधरी) और धन लक्ष्मी कृषि केंद्र (लवसरा) शामिल हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि, किसानों के हक पर डाका डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
