कवर्धा। पंडरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत नेउरगांव में महिला सरपंच से जुड़ा विवाद अब बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। मारपीट के मामले के बाद गांव के दूसरे पक्ष के लोग बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुंचे और महिला सरपंच व उनके पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि, पूर्व सरपंच द्वारा कराए गए विकास कार्यों की भुगतान राशि रोकी जा रही है। साथ ही करीब 15 लाख रुपए के गबन का आरोप लगाकर पूर्व सरपंच और समर्थकों के साथ मारपीट तथा गाली-गलौज किए जाने की बात कही गई है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि, महिला सरपंच और उनके पति राहुल चंद्राकार द्वारा गांववालों को बार-बार एट्रोसिटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी जाती है। इस संबंध में पहले भी शिकायत किए जाने का दावा किया गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक विवाद के दौरान पहले सरपंच पक्ष की ओर से मारपीट शुरू हुई, जिसके बाद गांववालों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। आज बड़ी संख्या में ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले में सख्त कार्रवाई करने और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
