चेन्नई। साउथ सुपरस्टार सूर्या और तृषा कृष्णन की लेटेस्ट माइथोलॉजिकल ड्रामा फिल्म ‘करुप्पु’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। यह फिल्म बॉलीवुड फिल्मों ‘पति पत्नी और वो 2’ और ‘आखिरी सवाल’ पर भारी पड़ते हुए हर दिन डबल डिजिट में कमाई कर रही है। दर्शकों और समीक्षकों की शानदार प्रतिक्रिया के बीच इस फिल्म ने रिलीज के महज चार दिनों के भीतर दुनियाभर में रिकॉर्ड तोड़ बिजनेस कर लिया है और अब यह 150 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े को छूने से बस एक कदम दूर है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने अपने पहले सोमवार (चौथे दिन) को भारत में 5,947 शोज के जरिए 14.30 करोड़ रुपये का शानदार नेट कलेक्शन किया। तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज हुई इस फिल्म ने तमिल वर्जन से 12.10 करोड़ और तेलुगु से 2.20 करोड़ रुपये बटोरे। इसी के साथ चार दिनों में फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 82.30 करोड़ रुपये (ग्रॉस 95.30 करोड़ रुपये) हो गया है। वहीं, विदेशी बाजारों (ओवरसीज) में भी सूर्या का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है, जहां फिल्म ने अब तक 46 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है।
इन आंकड़ों को मिलाकर ‘करुप्पु’ का वर्ल्डवाइड टोटल कलेक्शन 141.30 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि मंगलवार के कलेक्शन के साथ ही यह फिल्म 150 करोड़ के क्लब में एंट्री मार लेगी। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिडिल ईस्ट, नॉर्थ अमेरिका और ब्रिटेन में बेहद पसंद किया जा रहा है। आरजे बालाजी के निर्देशन और ड्रीम वॉरियर पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में योगी बाबू और शिवदा भी अहम किरदारों में हैं।
