मुंबई। मशहूर निर्देशक मिलाप जावेरी अपनी नई रोमांटिक-ड्रामा फिल्म ‘तेरा यार हूं मैं’ के साथ दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। मेकर्स ने आज फिल्म का एक बेहद खूबसूरत पोस्टर जारी करते हुए इसकी नई आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। पहले यह फिल्म 22 मई को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब यह 31 जुलाई को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। फिल्म के नए पोस्टर में मुख्य कलाकार अमन इंद्र कुमार और आकांक्षा शर्मा एक-दूसरे के प्यार में खोए हुए नजर आ रहे हैं।
इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक इंद्र कुमार के बेटे, अमन इंद्र कुमार अपने फिल्मी करियर की शुरुआत (डेब्यू) करने जा रहे हैं। आकांक्षा शर्मा और अमन की जोड़ी इस फिल्म में प्यार, इमोशन, ड्रामा, कॉमेडी और एक्शन से भरपूर एक बेहतरीन म्यूजिकल लव स्टोरी पेश करेगी। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर कैप्शन लिखते हुए फैंस से वादा किया है कि, वे प्यार, दोस्ती और बेहतरीन संगीत के एक अनोखे सफर के लिए तैयार रहें। गौरतलब है कि मिलाप जावेरी इससे पहले ‘मस्ती 4’ और ‘एक दीवाने की दीवानियत’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं और अब इस नई प्रेम कहानी से उन्हें काफी उम्मीदें हैं।
